सोशल मीडिया पर दोना-पत्तल उद्योग का झांसा देकर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार


रायपुर में उद्योग लगाने और अधिक मुनाफे का लालच देकर करीब 2.95 लाख रुपये हड़पे, 25-30 अन्य लोगों से भी ठगी की आशंका

रायपुर। रायपुर के डीडी नगर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से दोना-पत्तल निर्माण उद्योग लगाने और अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखकर आरोपी से संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को कंपनी संचालक बताते हुए दोना-पत्तल बनाने की मशीन, कच्चा माल उपलब्ध कराने और तैयार माल खरीदने का भरोसा दिया। साथ ही अधिक लाभ और अन्य सुविधाओं का लालच देकर प्रार्थी से अलग-अलग किश्तों में करीब 2.95 लाख रुपये ले लिए।

राशि प्राप्त करने के बाद आरोपी लगातार मशीन और कच्चा माल देने में टालमटोल करता रहा। शिकायत मिलने पर डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल के निर्देशन, एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा, एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर तथा थाना प्रभारी डीडी नगर के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

दस्तावेजी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शैलेन्द्र कुमार रजक (39 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर धन लेने के तथ्य सामने आए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 404/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में कार्रवाई की है। प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा 25 से 30 अन्य लोगों, जिनमें दूसरे राज्यों के लोग भी शामिल हैं, से इसी तरह ठगी करने की जानकारी मिली है। पुलिस अब वित्तीय लेन-देन और ठगी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

Comments