किसान ने लगाया 50 हजार रिश्वत मांगने का आरोप, जहर सेवन से मचा हड़कंप
नायब तहसीलदार पर गंभीर आरोप, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
बलौदाबाजार। जिले के कसडोल क्षेत्र में एक किसान द्वारा जहर सेवन किए जाने का मामला सामने आया है। किसान कमल ओगरे ने नायब तहसीलदार आकांक्षा तिवारी पर ट्रैक्टर छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम चांटीपाली निवासी किसान कमल ओगरे के पुत्र राज ओगरे ने आरोप लगाया कि महानदी से रेत लेकर लौटते समय उनके ट्रैक्टर को रोक लिया गया था। आरोप है कि ट्रैक्टर छोड़ने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर ट्रैक्टर को कसडोल थाने में खड़ा करवा दिया गया।
परिजनों का कहना है कि ट्रैक्टर जब्त होने और आर्थिक दबाव के कारण किसान मानसिक तनाव में आ गए और उन्होंने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उन्हें कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई। चिकित्सकों के अनुसार अब उनकी स्थिति स्थिर है।
मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक संदीप साहू अस्पताल पहुंचे और पीड़ित किसान से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी द्वारा अवैध वसूली या दबाव बनाया गया है तो निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं नायब तहसीलदार आकांक्षा तिवारी ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि रेत परिवहन को लेकर की गई कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत थी और किसी प्रकार की रिश्वत की मांग नहीं की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने एसडीएम को तीन दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब ट्रैक्टर जब्ती, रेत परिवहन कार्रवाई, कथित रिश्वत मांगने के आरोप और किसान द्वारा जहर सेवन की परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जाएगी।
Comments