खाद-बीज संकट और दीपिका गाड़ा मौत मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
दुर्ग। खरीफ सीजन से पहले किसानों को खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और रिसाली निवासी दीपिका गाड़ा की मौत मामले में न्याय की मांग को लेकर सोमवार को ताम्रध्वज साहू ने दुर्ग कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उनके साथ धीरज बाकलीवाल सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले जिले के किसान खाद और बीज की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकांश सहकारी समितियों में डीएपी, यूरिया और पोटाश जैसे आवश्यक उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण नहीं होने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न समितियों के निरीक्षण के दौरान किसानों ने खाद की भारी कमी की शिकायत की। कई स्थानों पर किसानों को आवश्यकता के अनुरूप खाद नहीं मिल रही है। कहीं डीएपी उपलब्ध है तो यूरिया नहीं, वहीं कई समितियों में पोटाश का भी अभाव है। इसके चलते किसानों को अलग-अलग समितियों और केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ताम्रध्वज साहू ने धान बीज की उपलब्धता और गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि किसानों को उनकी मांग के अनुरूप धान बीज उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। कई समितियों में सरना धान की मांग के बावजूद दूसरी किस्मों के बीज वितरित किए जा रहे हैं, जबकि कुछ स्थानों पर बीज की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। कांग्रेस ने प्रशासन से वैज्ञानिक अनुशंसा के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में खाद एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने की मांग की है।
दीपिका गाड़ा मौत मामले में न्याय की मांग
ज्ञापन के दौरान कांग्रेस ने रिसाली निवासी दीपिका गाड़ा की मौत का मामला भी प्रमुखता से उठाया। ताम्रध्वज साहू ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने के कारण युवती की जान चली गई।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह साबित होता है कि अस्पताल में रक्त उपलब्ध होने के बावजूद परिजनों को डोनर लाने के लिए कहा गया, तो यह गंभीर प्रशासनिक लापरवाही होगी। कांग्रेस ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करने, मृतका के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
आंदोलन की चेतावनी
पूर्व गृह मंत्री ने कहा कि किसानों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खाद-बीज संकट और दीपिका गाड़ा मामले में जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन को और तेज करेगी।
कलेक्टर ने दोनों मामलों में आवश्यक जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Comments