मोहला। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में हिट एंड रन के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। 11 वर्षीय मासूम बच्ची को ट्रक से कुचलकर करीब 60 किलोमीटर तक फरार होने वाले आरोपी चालक के खिलाफ अब हत्या (मर्डर) समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
घटना शुक्रवार को अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के ग्राम गुंडरदेही में हुई। तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक MH 40 CT 6621 के चालक देवेंद्र सिंह, निवासी उत्तर प्रदेश, ने सड़क किनारे खड़ी पूनम खवास (11 वर्ष) को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद चालक ट्रक रोकने के बजाय मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने पीछा शुरू किया और करीब 60 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद कोरकोट्टी गांव के पास आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बैरिकेड्स तोड़कर भागा, चार पुलिसकर्मी घायल
पुलिस ने रास्ते में कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर ट्रक रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी चालक बैरिकेड्स तोड़ते हुए भाग निकला। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि किसी अन्य नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचा।
शराब के नशे में चला रहा था ट्रक
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चालक शराब के नशे में ट्रक चला रहा था। ट्रक महाराष्ट्र के गढ़चिरौली से लौह अयस्क लेकर रायपुर की ओर जा रहा था।
मर्डर समेत कई गंभीर धाराएं जोड़ी गईं
अंबागढ़ चौकी थाना प्रभारी अश्वनी राठौर ने बताया कि पहले आरोपी के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद एफआईआर में हत्या, शराब के नशे में वाहन चलाकर मौत का कारण बनने, पुलिसकर्मियों की जान को खतरे में डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराएं जोड़ दी गई हैं। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Comments