हेरोइन तस्करी नेटवर्क का एक और आरोपी गिरफ्तार, सप्लाई चेन का बड़ा खुलासा



धमतरी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई 4.76 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले की जांच के दौरान की गई, जिसमें पहले गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद सप्लाई नेटवर्क के अहम लिंक का खुलासा हुआ।

पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), नगदी, मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल सहित लगभग 2.30 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि पूरे नेटवर्क में अभिनय तिवारी उर्फ लवली की महत्वपूर्ण भूमिका थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि वह न केवल नशे की खरीद के लिए धन उपलब्ध कराता था, बल्कि तस्करी के संचालन में भी सक्रिय रूप से शामिल था।

पुलिस को मिले साक्ष्यों के अनुसार, चार दिन पहले गिरफ्तार आरोपी को राजनांदगांव से हेरोइन लाने के लिए नकद राशि और मोटरसाइकिल भी अभिनय तिवारी द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। इसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया तथा मामले में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी हेरोइन तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद वह दोबारा इस अवैध कारोबार में सक्रिय पाया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

फिलहाल मामले में एक अन्य आरोपी हैप्पी सरदार की तलाश जारी है, जिसे सप्लाई नेटवर्क का महत्वपूर्ण सदस्य माना जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Comments