मोतीबाग चाकूबाजी कांड: तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, एक नाबालिग अभिरक्षा में

रायपुर। राजधानी रायपुर के मोतीबाग क्षेत्र में 25 जून की सुबह हुई चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की गई।

पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 की सुबह करीब 6 बजे मोतीबाग में पीड़ित कृष दीप पर चाकू से हमला किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीड़ित और आरोपियों के बीच पहले से परिचय था तथा पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था।

घटना वाले दिन दोनों पक्षों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत हुई, जो देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई। इसके बाद आरोपी एक राय होकर पीड़ित से मिलने पहुंचे। आमने-सामने होने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू से हमला कर कृष दीप को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया।

पुलिस ने थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 296, 351(2), 3(5) सहित हत्या के प्रयास एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. महेंद्र उर्फ हर्ष सोनी (21 वर्ष), निवासी कालीबाड़ी, सुलभ के पीछे, थाना सिटी कोतवाली, रायपुर।
  2. देव बघेल (21 वर्ष), निवासी राम जानकी मंदिर के पीछे, थाना सिटी कोतवाली, रायपुर।

पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Comments