धरती की उर्वरता और स्वस्थ पीढ़ी के लिए जैविक खेती अपनाना जरूरी : बृजमोहन अग्रवाल


रायपुर। रायपुर लोकसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि धरती की उर्वरता बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ भविष्य देने के लिए किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती की ओर लौटना होगा। उन्होंने किसानों से केवल धान की खेती पर निर्भर न रहने और फसल विविधीकरण अपनाने का आह्वान किया।

गुरुवार को भाटापारा में आयोजित राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-तिलहन (NMEO-OS) अंतर्गत जिला स्तरीय तिलहन मेला सह जैविक कृषि कार्यशाला को संबोधित करते हुए सांसद अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान में अधिकांश किसान केवल धान की खेती तक सीमित हो गए हैं। लगातार एक ही फसल लेने से मिट्टी की उर्वरक शक्ति कम हो रही है और भूजल स्तर पर भी इसका असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते फसल चक्र नहीं अपनाया गया तो भविष्य में कृषि के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं।

उन्होंने कहा कि अधिक उत्पादन की दौड़ में रासायनिक उर्वरकों का अत्यधिक उपयोग किया जा रहा है, जिससे भूमि की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। किसानों को अपने परिवार के उपयोग के लिए कम से कम कुछ हिस्से में जैविक तरीके से खेती करनी चाहिए और गोबर खाद तथा गौमूत्र आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना चाहिए।

सांसद ने कहा कि पहले पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हुआ करता था, लेकिन आज अधिकांश घरों से पशुधन गायब होता जा रहा है। शुद्ध दूध और जैविक खाद की उपलब्धता के लिए पशुपालन को भी बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती और जैविक खेती ही स्वस्थ समाज, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ भविष्य का आधार बन सकती है।

किसानों की आय बढ़ाने पर जोर देते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए फसल विविधीकरण जरूरी है। किसानों को अपनी भूमि के एक हिस्से में फल-फूल, पशुपालन, मत्स्य पालन और मुर्गी पालन जैसे विकल्प अपनाने चाहिए, जिससे पूरे वर्ष आय का स्रोत बना रहे।

उन्होंने बताया कि सरकार दलहन-तिलहन की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को प्रतिवर्ष 15 हजार रुपये तक की सहायता तथा खेतों में वृक्षारोपण पर 10 हजार रुपये तक प्रोत्साहन राशि प्रदान कर रही है। साथ ही युवाओं को खेती से जोड़ने के लिए नेट हाउस, पॉली हाउस और ड्रिप इरिगेशन जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि एवं प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, मंत्री टंक राम वर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


Comments