नकाबपोश बदमाशों ने व्यापारी का रुपयों से भरा बैग झपटा, CCTV में कैद हुई वारदात

व्यापार विहार में दिनदहाड़े 3 लाख की लूट

बिलासपुर। शहर के व्यस्त व्यापार विहार थोक बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यापारी के हाथ से लगभग 3 लाख रुपये नकद से भरा बैग झपट लिया और पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, लूट का शिकार हुए व्यापारी जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ क्षेत्र के निवासी हैं। व्यापारी अपने बेटे उमेश कुमार साहू के साथ व्यापार विहार स्थित थोक मंडी में कृषि उत्पादों की खरीदारी करने पहुंचे थे। दोनों लहसुन, मिर्च, आलू सहित अन्य कृषि उपज के कारोबार से जुड़े हैं और इसी सिलसिले में बड़ी रकम लेकर बाजार आए थे।

उमेश साहू ने बताया कि कुछ खरीदारी करने के बाद वे अन्य सामान लेने के लिए आगे बढ़ रहे थे। तभी अंडा चौक के पास पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक सवार बदमाश अचानक उनके पास पहुंचे और हाथ में मौजूद रुपयों से भरा बैग झपटकर फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पूरी घटना कुछ ही सेकंड में हुई। व्यापारी और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी तेज रफ्तार बाइक से आंखों से ओझल हो चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास मौजूद व्यापारियों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बैग में करीब 3 लाख रुपये नकद रखे थे, जिनका उपयोग व्यापारिक खरीदारी के लिए किया जाना था।

घटना के बाद पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में दो नकाबपोश बाइक सवार संदिग्ध दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और तकनीकी साक्ष्यों तथा सीसीटीवी फुटेज की मदद से जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।

दिनदहाड़े लूट से व्यापारियों में दहशत

व्यापार विहार जैसे व्यस्त कारोबारी क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Comments