जांजगीर में ISI स्लीपर सेल का खुलासा! पंजाब के युवक की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट


किरायेदार सत्यापन के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा संदिग्ध युवक, विदेशी नंबरों से संपर्क और संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से कथित संबंध रखने वाले एक संदिग्ध युवक की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। अकलतरा थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने पंजाब निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ विदेशी नंबरों से संपर्क और संवेदनशील सूचनाएं साझा करने के आरोप सामने आए हैं।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण एवं सत्यापन अभियान के तहत अकलतरा नगर के मिनीमाता चौक स्थित एक किराए के मकान में जांच की गई। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उससे पूछताछ की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष), पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी थाना क्षेत्र, जिला तरनतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मोबाइल फोन की प्रारंभिक जांच में पाकिस्तान, सऊदी अरब सहित अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के संकेत मिले हैं। मोबाइल से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल गतिविधियों से जुड़े कुछ साक्ष्य भी प्राप्त होने का दावा किया गया है।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आरोपी के पाकिस्तान स्थित ISI समर्थित नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों के संपर्क में रहने की जानकारी सामने आई है। साथ ही सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए विदेशी नंबरों से नियमित संपर्क की भी बात सामने आई है।

जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी द्वारा छत्तीसगढ़ के कुछ महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थलों, वाहनों के नंबर तथा फोटो-वीडियो जैसी जानकारियां साझा किए जाने के संकेत मिले हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि के लिए मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों को फोरेंसिक जांच हेतु भेजा गया है।

पुलिस ने यह भी दावा किया है कि जांच के दौरान ऐसी जानकारी मिली है, जिससे संकेत मिलता है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही थी। हथियार मिलने के बाद उसे किसी विशेष लक्ष्य पर हमला करने की जिम्मेदारी दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन तथ्यों की पुष्टि विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

देश की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले में अकलतरा थाना में अपराध क्रमांक 350/26 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 एवं 61(2) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

फिलहाल जिला पुलिस, राज्य एवं केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां आरोपी के विदेशी संपर्कों, संभावित नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

Comments