दुर्ग। जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-53 दुर्ग-राजनांदगांव बाईपास पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ट्रेलर की चपेट में आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक बाईपास मार्ग से गुजर रहा था, तभी एक ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई और देखते ही देखते मोटरसाइकिल में आग लग गई। आग की लपटों में घिरकर बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया है। वहीं फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-53 बाईपास पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है।
Comments