जाम या सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पहुंचेगी टीम, पुलिस कमिश्नर ने दिखाई हरी झंडी
रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा कदम उठाया है। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए 10 नई क्विक रिस्पांस टीम (QRT) गठित की गई हैं। ये टीमें आधुनिक वाहनों और आवश्यक उपकरणों से लैस होंगी तथा जाम, सड़क दुर्घटना या यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य करेंगी।
शनिवार को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस लाइन परिसर में नई क्यूआरटी के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख जाम वाले स्थानों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम या सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर क्यूआरटी बिना किसी देरी के मौके पर पहुंचेगी। इन टीमों का मुख्य उद्देश्य कम से कम समय में यातायात को सामान्य करना है, ताकि आम नागरिकों को लंबे समय तक जाम की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गौरतलब है कि हाल ही में रायपुर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नाराजगी जताई थी। इसके बाद पुलिस कमिश्नरेट ने यह महत्वपूर्ण पहल की है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए 9479210632 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। यदि किसी स्थान पर ट्रैफिक जाम, सड़क पर वाहन खराब होने या अन्य किसी कारण से यातायात प्रभावित हो रहा हो, तो नागरिक इस नंबर पर सूचना देकर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नई क्यूआरटी को आधुनिक संचार प्रणाली और ट्रैफिक प्रबंधन के उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। ये टीमें सड़क दुर्घटनाओं, वीआईपी मूवमेंट और अचानक उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं के दौरान भी त्वरित कार्रवाई करेंगी।
Comments