भिलाई। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अल्प्राजोलम टैबलेट के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राहक का इंतजार कर नशीली गोलियां बेचने की फिराक में था। पुलिस ने उसके कब्जे से 1000 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, ₹1 लाख नकद, एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹8.05 लाख बताई गई है।
दुर्ग पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि रामपुर चौराहा, अहिवारा रोड कुम्हारी के पास मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर (CG-25-0516) के साथ एक व्यक्ति अल्प्राजोलम टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी मात्रा में नशीली टैबलेट, नकदी, कार और मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। दुर्ग पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Comments