आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 14.22 बल्क लीटर अवैध देशी शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार


N. भारत न्यूज़ / रायपुर। आबकारी विभाग रायपुर ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 14.22 बल्क लीटर देशी मसाला शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सचिव आबकारी सुश्री रीना बाबा साहेब कंगाले, आबकारी आयुक्त श्री पदुम सिंह एल्मा, कलेक्टर रायपुर श्री गौरव सिंह के निर्देश एवं प्रभारी उपायुक्त आबकारी रायपुर श्री प्रवीण वर्मा के मार्गदर्शन में 29 जून एवं 1 जुलाई 2026 को यह कार्रवाई की गई।

आबकारी विभाग को अवैध रूप से शराब रखे जाने की सूचना मिलने पर वार्ड क्रमांक 17, नेवरा (थाना तिल्दा) निवासी गौरी ध्रुव (पति कमलेश ध्रुव) के रिहायशी मकान में दबिश दी गई। यहां से 39 पाव देशी मसाला शराब (सुपर-36) बरामद कर जब्त की गई।

इसी क्रम में ग्राम भिलौनी, वार्ड क्रमांक 6 (थाना तिल्दा) निवासी मंशाराम बघेल (पिता नरभुवन बघेल) के मकान की बाड़ी में खड़ी होंडा एक्टिवा स्कूटर की डिक्की की तलाशी लेने पर 40 पाव देशी मसाला शराब (रोमियो) बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। मामले का पंजीयन आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा (वृत्त तिल्दा) द्वारा किया गया।

इस कार्रवाई में आबकारी आरक्षक अमिताभ सिंह ध्रुव, जितेंद्र मिश्रा तथा वाहन चालक रेवाराम का विशेष योगदान रहा।

Comments