बिलासपुर में मामूली विवाद बना खूनी हमला: थूकने की बात पर 15 वर्षीय छात्र को चाकू मारा, हालत गंभीर

सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की घटना, पिता-पुत्र पर जानलेवा हमले का आरोप; पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में शनिवार रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सड़क किनारे थूकने की बात को लेकर हुए विवाद में 15 वर्षीय छात्र शिवम नायक उर्फ शिब्बू पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, महिमा नगर निवासी राम कुमार नायक ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका भांजा शिवम नायक शनिवार रात करीब 8:30 बजे अपने दोस्तों देवरथ साहू और शिवा राव के साथ पोचो ग्राउंड से क्रिकेट खेलकर घर लौट रहा था।

थूकने की बात पर हुआ विवाद

आदर्श नगर स्थित पानी टंकी के पास शिवम सड़क किनारे थूक रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे विभय दास के पैर पर कथित रूप से थूक पड़ गया, जिससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विभय दास ने गाली-गलौज की, जिसके बाद शिवम अपने दोस्तों के साथ वहां से आगे बढ़ गया।

पिता ने पकड़ा, बेटे ने किया चाकू से हमला

शिकायत के मुताबिक, कुछ देर बाद विभय दास अपने पिता विजय कुमार दास के साथ स्कूटी से मौके पर पहुंचा। आरोप है कि विजय कुमार दास ने शिवम के हाथ पकड़ लिए, जबकि विभय दास ने धारदार चाकू से उसके सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

N भारत न्यूज

Comments