24 जिलों में बारिश की चेतावनी, रायपुर-दुर्ग सबसे गर्म, पेंड्रा रहा सबसे ठंडा।
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम 3 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। हालांकि प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 18 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर कम होने के बाद अब नया मौसम तंत्र सक्रिय होने जा रहा है, जिससे अगले दो दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
शुक्रवार को रायपुर और दुर्ग प्रदेश के सबसे गर्म जिले रहे, जहां तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21°C रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 24°C रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने शनिवार सुबह 10 बजे तक कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
Comments