बिलासपुर में सूने मकान में बड़ी चोरी, विंडो एसी हटाकर घर में घुसा चोर; लाखों की नकदी और 20 तोला तक सोना पार

परिवार ऋषिकेश घूमने गया था, सुरक्षा गार्ड ने एसी हटे होने की सूचना दी, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सूने मकान में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर ने मकान की पीछे की ओर लगी विंडो एसी हटाकर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखी लाखों रुपये की नकदी, सोने के आभूषण तथा कीमती सामान चोरी कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, गणेश चौक निवासी रजनीश सेठ 18 जुलाई से अपने परिवार के साथ ऋषिकेश गए हुए थे। घर की सुरक्षा के लिए रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक एक सुरक्षा गार्ड तैनात था। 23 जुलाई की रात गार्ड ने मकान के पीछे लगी विंडो एसी हटे होने की जानकारी मकान मालिक को दी।

मकान मालिक के निर्देश पर उनके बेटे और परिचित ने घर पहुंचकर देखा तो अज्ञात चोर घर के अंदर घुसकर अलमारी से सामान चोरी कर चुका था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब ₹1.85 लाख से ₹2.35 लाख तक नकदी, 15 से 20 तोला सोने के आभूषण और कुछ कीमती स्टोन चोरी हुए हैं। हालांकि मकान मालिक के बाहर होने के कारण चोरी गए सामान का अंतिम आंकड़ा उनके लौटने के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने लोगों से लंबे समय तक घर खाली छोड़ने पर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी लगाने की अपील की है।

Comments