सुकमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 223 किलो गांजा के साथ 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, ₹1.11 करोड़ की खेप जब्त
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 223 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1.11 करोड़ से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, तस्कर कार में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गांजा की खेप ले जा रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।
सुकमा के पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सभी आरोपी राजस्थान के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
Comments