आयुष्मान योजना में गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई, रायपुर के मित्तल अस्पताल पर 3 माह का निलंबन

रायपुर, 27 जुलाई। आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज के बावजूद मरीज से अतिरिक्त राशि वसूलने के मामले में राज्य नोडल एजेंसी ने राजधानी रायपुर के मित्तल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अस्पताल को 3 महीने के लिए आयुष्मान भारत योजना से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही मरीज के परिजनों से सर्जरी के नाम पर लिए गए ₹90,000 वापस करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, मरीज अल्बर्ट एक्का के परिजनों ने शिकायत की थी कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद अस्पताल ने उनसे अतिरिक्त राशि वसूली। मामले की जांच रायपुर संभाग के संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा कराई गई।

जांच में सामने आया कि अस्पताल ने दवाइयों के लिए ₹15,226 और सर्जरी के लिए ₹90,000 की अतिरिक्त वसूली की थी। जांच के बाद अस्पताल ने दवाइयों के लिए ली गई ₹15,226 की राशि चेक के माध्यम से लौटा दी, लेकिन सर्जरी के लिए ली गई ₹90,000 की राशि अब तक वापस नहीं की गई।

इसी आधार पर राज्य नोडल एजेंसी ने अस्पताल को 3 माह के लिए आयुष्मान भारत योजना से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान अस्पताल योजना के तहत नए मरीज भर्ती नहीं कर सकेगा। हालांकि, पहले से भर्ती मरीजों का उपचार पूरा कर उन्हें डिस्चार्ज किया जा सकेगा।

इसके अलावा अस्पताल को योजना से संबंधित सभी प्रचार-प्रसार सामग्री हटाने और भविष्य में इस तरह की अनियमितता नहीं दोहराने की सख्त चेतावनी भी दी गई है।

Comments