रायपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, तालाब किनारे गड्ढे से 30 पेटी अवैध शराब जब्त

रायपुर आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर-आरंग मार्ग पर ग्राम गोढ़ी के पास तालाब किनारे गड्ढे में छिपाकर रखी गई 30 पेटी रॉयल गोवा व्हिस्की जब्त की है। जब्त शराब में 1,440 प्लास्टिक पाव शामिल हैं, जिसकी कुल मात्रा 259.20 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत करीब 1.72 लाख रुपये बताई गई है।

मुखबिर से सूचना मिलने के बाद आबकारी विभाग ने लगातार पांच दिनों तक गश्त और तलाश अभियान चलाया। 20 और 21 जुलाई की दरमियानी रात नाकेबंदी के दौरान टीम ने ग्राम गोढ़ी के पास दबिश देकर यह कार्रवाई की।

हालांकि, आबकारी टीम को देखकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए वाहन समेत मौके से फरार हो गए। विभाग ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

आबकारी विभाग का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब खपाने की तैयारी की सूचना मिली थी। इसी आधार पर अभियान चलाया गया और तालाब किनारे गड्ढे में छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Comments