रायपुर में अवैध शराब पर पुलिस का एक्शन, 38 पौवा देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए टिकरापारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर की गई छापेमारी में भाटागांव-देवपुरी क्षेत्र से एक आरोपी को 38 पौवा देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) रॉबिंस गुरिया, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के निर्देशन में शहर में अवैध गतिविधियों और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भाटागांव-देवपुरी निवासी तोरण गायकवाड़ उर्फ सोनू अवैध रूप से शराब का विक्रय कर रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर थाना प्रभारी टिकरापारा निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 38 पौवा देशी शराब बरामद की। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

  • तोरण गायकवाड़ उर्फ सोनू, पिता राम त्वाहनी

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Comments