रायपुर जिला प्रशासन ने सरकारी राशि की वसूली नहीं होने पर सख्त कार्रवाई करते हुए चार पूर्व सरपंचों के खिलाफ सिविल जेल वारंट जारी किया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा ने यह कार्रवाई की है।
रायपुर प्रशासन ने सरकारी धन की वसूली के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत नगरपुरा की पूर्व सरपंच राजकुमारी साहू, नकटा के पूर्व सरपंच गोपाल चतुर्वेदी, देवदा के पूर्व सरपंच रोशन मिश्रा और राखी की पूर्व सरपंच चितरेखा साहू के खिलाफ सिविल जेल वारंट जारी किया गया है।
इन चारों पर कुल 44 लाख रुपये से अधिक की सरकारी राशि की वसूली का आदेश था। प्रशासन ने पहले कारण बताओ नोटिस जारी किए थे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वारंट जारी किया गया।
वारंट के अनुसार, बकाया राशि जमा होने तक या अधिकतम 30 दिनों तक संबंधित व्यक्तियों को सिविल जेल में रखा जा सकता है।
वारंट जारी होने के बाद गोपाल चतुर्वेदी और चितरेखा साहू ने मिलकर 22,33,204 रुपये जमा कर दिए हैं। जबकि राजकुमारी साहू और रोशन मिश्रा की ओर से अभी तक राशि जमा नहीं की गई है।
प्रशासन के अनुसार, यह अनियमितताएं मुक्तिधाम शेड, आंगनबाड़ी केंद्र, पक्की नाली, पेवर ब्लॉक सड़क, मशरूम शेड, 14वें वित्त आयोग की राशि, स्वच्छ भारत मिशन, शौचालय निर्माण, हैंडपंप, बोर खनन और मंदिर निर्माण जैसे विकास कार्यों से जुड़ी हैं।
Comments