रायपुर।
छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। केंद्र सरकार और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने राज्य के लिए 5 नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दे दी है। इन कॉलेजों में 50-50 MBBS सीटों के साथ कुल 250 नई सीटों पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रवेश शुरू होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी देते हुए इसे डबल इंजन सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेंद्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में नए मेडिकल कॉलेज खुलने से प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा और दूर-दराज़ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी नक्सल प्रभावित रहे गीदम से लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ के वनांचल कुनकुरी तक मेडिकल कॉलेजों की स्थापना प्रदेश के संतुलित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
वहीं, मनेंद्रगढ़ में बनने वाले सरकारी मेडिकल कॉलेज को भी NMC की अंतिम स्वीकृति मिल गई है। मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने इसके लिए लेटर ऑफ परमिशन (LOP) जारी कर दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि जनता से किया गया वादा पूरा हो गया है। उन्होंने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और चिकित्सा शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
Comments