भोरमदेव को मिली नई पहचान: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया 6 किमी लंबे इको ट्रेल का शुभारंभ, इको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
रायपुर/कबीरधाम, 11 जुलाई। कबीरधाम जिले के भोरमदेव अभयारण्य में प्रकृति संरक्षण और इको-टूरिज्म को नई दिशा देते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वन महोत्सव के अवसर पर 6 किलोमीटर लंबे भोरमदेव इको ट्रेल का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ इको ट्रेल का भ्रमण कर क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और वन्यजीवन का अवलोकन किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है और इको ट्रेल के शुरू होने से पर्यटकों को जंगल के बीच सुरक्षित एवं रोमांचक अनुभव मिलेगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत भोरमदेव क्षेत्र के पर्यटन विकास के लिए 146 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से प्रवेश द्वार, सड़क, संग्रहालय, पार्क, पार्किंग, मेला स्थल सहित विभिन्न पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, जिससे भोरमदेव राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा।
वन विभाग द्वारा विकसित यह 6 किलोमीटर लंबा इको ट्रेल पूरा करने में लगभग 3 से 4 घंटे का समय लगेगा। ट्रेल के दौरान पर्यटक प्राकृतिक वन, औषधीय वनस्पतियों, पक्षियों, तितलियों और वन्यजीवों को करीब से देख सकेंगे। प्रशिक्षित नेचर गाइड पर्यटकों को जंगल और स्थानीय जैव विविधता की जानकारी देंगे।
वन महोत्सव के अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने करियाआमा ग्राम में 51 काला आम के पौधों का रोपण, 50 हजार सीड बॉल अभियान तथा एक लाख पौधों के वितरण अभियान की शुरुआत भी की। साथ ही बैगा समुदाय के 100 हितग्राहियों को सोलर लालटेन और जैकेट वितरित किए गए।
वन मंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने बताया कि भोरमदेव इको ट्रेल का संचालन प्रत्येक शनिवार और रविवार को किया जाएगा। इच्छुक पर्यटक 1,000 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क देकर अनुभवी नेचर गाइड के साथ इस रोमांचक जंगल यात्रा का आनंद ले सकेंगे।
Comments