5 ग्राम चिट्टा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
सुपेला पुलिस ने 9.94 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, कार और मोबाइल भी बरामद
दुर्ग। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपेला थाना पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी की तैयारी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 8.85 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त एक कार सहित करीब 9.94 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोसानगर गांधी नगर क्षेत्र में एक लाल रंग की कार में सवार दो युवक हेरोइन लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोककर दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज (27) निवासी केलाबाड़ी, दुर्ग तथा मोहम्मद फैजान (27) निवासी तकियापारा, दुर्ग के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान इम्तियात के पास से 2.65 ग्राम हेरोइन और एक रियलमी मोबाइल फोन, जबकि फैजान के कब्जे से 6.20 ग्राम हेरोइन, एक मोटोरोला मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त कार CG 07 CV 3587 बरामद की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से हेरोइन बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस का मानना है कि आरोपी इलाके में ग्राहकों की तलाश कर रहे थे, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
सुपेला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 1018/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज किया है। वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Comments