दुर्ग में ACB की बड़ी कार्रवाई: GPF के 5 लाख रुपए जारी करने के बदले 10 हजार की रिश्वत लेते PHE विभाग का बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार
दुर्ग। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) रायपुर की टीम ने दुर्ग जिले के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विभागीय कर्मचारी की 5 लाख रुपए की GPF (सामान्य भविष्य निधि) राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता नंद कुमार ने अपनी बेटी की शादी के लिए GPF से लगभग 5 लाख रुपए निकालने हेतु आवेदन किया था। आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने और राशि जारी करने के बदले सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। लगातार रिश्वत मांगने से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने 22 जून को ACB रायपुर में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोपी को उसके कार्यालय में 10 हजार रुपए दिए। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक दर्जन से अधिक अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
ACB के डीएसपी सुरेश सोनी ने बताया कि शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई और आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह मामला अकेला है या विभाग में रिश्वतखोरी के अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
Comments