पटना। बिहार बंद के दौरान 25 जुलाई को सिवान में हुए बवाल और पुलिस द्वारा एके-47 से फायरिंग के मामले में पुलिस मुख्यालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फायरिंग करने वाले सिपाही अभिषेक पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर संबंधित सिपाही के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तलब की गई थी, जिसके बाद प्रारंभिक जांच के आधार पर यह फैसला लिया गया। अब विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान सिवान शहर में प्रदर्शन हिंसक हो गया था। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ने पर पथराव हुआ, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की थी।
हालांकि, इसी दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा एके-47 से फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठे और मामला तूल पकड़ गया।
पुलिस का कहना है कि फायरिंग भीड़ को नियंत्रित करने के लिए की गई थी, लेकिन अब विभागीय जांच में यह तय किया जाएगा कि अत्याधुनिक हथियार का इस्तेमाल निर्धारित नियमों और परिस्थितियों के अनुरूप था या नहीं। फिलहाल संबंधित सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।
Comments