मुख्यमंत्री के निज सहायक तुलशी कौशिक ने किया राज्य स्तरीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, युवाओं को दिया आत्मविश्वास और नशामुक्ति का संदेश

महासमुंद। राज्य स्तरीय आवासीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर, खेलकूद प्रतियोगिता, स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति एवं जनजागरूकता रैली के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री के निज सहायक श्री तुलशी कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को आत्मरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए आत्मनिर्भर, अनुशासित और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।


मुख्य अतिथि श्री तुलशी कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रत्येक युवा के लिए आवश्यक है। इससे न केवल आत्मविश्वास और साहस बढ़ता है, बल्कि अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 19 जिलों से आए खिलाड़ियों ने आत्मरक्षा तकनीकों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। साथ ही खेलकूद प्रतियोगिताएं, स्वच्छता अभियान और नशामुक्ति जनजागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।


आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथि श्री तुलशी कौशिक का स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यह राज्य स्तरीय आयोजन जिला प्रशासन महासमुंद एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में कूडो एसोसिएशन महासमुंद द्वारा आयोजित किया जा रहा है। शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं टीम प्रबंधक भाग ले रहे हैं।


जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार घृतलहरे ने बताया कि महासमुंद जिले में यह राज्य स्तरीय आयोजन लगातार पांचवीं बार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 19 जिलों के प्रतिभागी शिविर में शामिल हुए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

Comments