गुढ़ियारी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
रायपुर।
राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू भी बरामद किया गया है। मामले में हत्या के प्रयास के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 की रात गोकुल नगर स्थित ग्लोबल स्कूल के पास मामूली विवाद के बाद प्रार्थी राकेश ध्रुव और उसके साथी पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
शिकायत के आधार पर चौकी रामनगर, थाना गुढ़ियारी में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने मुख्य आरोपी अविनाश बैरागी (20 वर्ष) निवासी रामनगर डोलीकुआ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू बरामद किया गया, जिसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रायपुर पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
Comments