रायगढ़ पुलिस की क्राइम मीटिंग: हत्या, पॉक्सो और चोरी के मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश, बाढ़ प्रबंधन पर भी फोकस

रायगढ़, 11 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में जिले की मासिक क्राइम मीटिंग लेकर कानून-व्यवस्था, लंबित अपराधों और विवेचनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में रायगढ़, खरसिया और धरमजयगढ़ अनुविभाग के सभी थानों के लंबित अपराध, शिकायत, गुम इंसान और मर्ग प्रकरणों की समीक्षा की गई।

एसएसपी ने हत्या, हत्या के प्रयास, बड़ी चोरी, नकबजनी, महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर मामलों की विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी थाना प्रभारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना पूरी कर शीघ्र न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

तीन प्रमुख मुद्दों पर विशेष जोर

क्राइम मीटिंग में अपराधों का त्वरित निराकरण, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा मानसून के दौरान बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई।

थाना प्रभारियों का छह माह का रिपोर्ट कार्ड

बैठक में वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 के पहले छह माह के कार्यों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों का प्रदर्शन रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए अपराधों के शीघ्र निराकरण, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तेज करने तथा जुआ, सट्टा, अवैध शराब, बदमाशों की निगरानी और माइनर एक्ट के मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना है और इसके लिए विवेचनाओं को समय-सीमा में पूरा करना आवश्यक है।

यातायात और सड़क सुरक्षा पर निर्देश

मानसून में सड़क क्षति, जलभराव और जाम की संभावित स्थिति को देखते हुए एसएसपी ने यातायात शाखा को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के समन्वय से सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को तकनीकी प्रशिक्षण

क्राइम मीटिंग में प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को भी शामिल किया गया। एसएसपी ने उन्हें सीसीटीएनएस सहित पुलिस की तकनीकी प्रणालियों में दक्षता विकसित करने के निर्देश दिए। विशेष कार्यशाला में डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने केस स्टडी के माध्यम से विवेचना में होने वाली सामान्य त्रुटियों और उनसे बचने के उपाय बताए।

बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन को लेकर अलर्ट

मानसून के मद्देनज़र एसएसपी ने महानदी से लगे संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों को कोटवारों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ सतत संपर्क बनाए रखने तथा सभी संबंधित विभागों के समन्वय से पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी उन्नति ठाकुर, एसडीओपी प्रभात पटेल, एसडीओपी सिद्धांत तिवारी, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Comments