जशपुर।
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से अंधविश्वास की एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के डुडुंगजोर गांव में एक व्यक्ति ने अपनी ही विधवा बहू को टोनही (जादू-टोना) होने के शक में पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका नबिना राठिया घर के आंगन में मौजूद थी। इसी दौरान उसके ससुर/भैसुर सुखसिंह राठिया (50 वर्ष) ने उस पर टोनही होने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपी घर से लकड़ी का मोटा डंडा लाया और महिला के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों द्वारा घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे संदेह था कि मृतका उसके बच्चे पर जादू-टोना करती थी। इसी अंधविश्वास के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
N. भारत न्यूज की अपील:
अंधविश्वास किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। किसी भी प्रकार के संदेह या विवाद की स्थिति में कानून और वैज्ञानिक सोच का सहारा लें, हिंसा नहीं।
Comments