रायपुर में दर्दनाक हादसा: सोलर पैनल लगाते समय हाई टेंशन लाइन की चपेट में आए दो युवकों की मौत


राधास्वामी नगर में सुबह हुआ हादसा, दुर्ग के औंधी गांव के रहने वाले थे दोनों युवक

रायपुर।

राजधानी रायपुर के राधास्वामी नगर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सोलर पैनल लगाने के दौरान हाई टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान दोनों युवक हाई टेंशन बिजली तार के संपर्क में आ गए। तेज करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान आशीष चंद्राकर (20 वर्ष) और प्रमोद चंद्राकर (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों दुर्ग जिले के औंधी गांव के निवासी थे और काम के सिलसिले में रायपुर आए हुए थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा हाई टेंशन लाइन के अत्यधिक नजदीक काम करने के दौरान हुआ। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

Comments