घर में चोरी का खुलासा: इंडक्शन चूल्हा खरीदने वाला कबाड़ी भी गिरफ्तार, दोनों आरोपी जेल भेजे गए

रायगढ़, 21 जुलाई। पुसौर थाना पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चोरी करने वाले आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार ग्राम जामपाली निवासी देव कुमार नायक (25) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 जून 2026 की रात अज्ञात चोर घर की दीवार फांदकर अंदर घुसा और बजाज कंपनी का इंडक्शन चूल्हा, अर्पणा कंपनी का रेडियो, वीवो मोबाइल फोन तथा नकदी चोरी कर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना पुसौर में बीएनएस की धारा 331(4) एवं 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने डिलेश्वर सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि मोबाइल और रेडियो झाड़ियों में फेंक दिया था, जबकि इंडक्शन चूल्हा कबाड़ी बलदेव साव को बेच दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 3,950 रुपये नकद बरामद किए।

इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी बलदेव साव से पूछताछ की। उसने चोरी का इंडक्शन चूल्हा 1,000 रुपये में खरीदना स्वीकार किया। पूछताछ में उसने बताया कि चूल्हे को तोड़कर कबाड़ में मिला दिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से इंडक्शन चूल्हे के टूटे हुए हिस्से बरामद किए। चोरी की संपत्ति खरीदने के आरोप में उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) के तहत भी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Comments