पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुंद्रापारा में दो पक्षों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, कई घायल; पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर शुरू की जांच
दुर्ग। जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुंद्रापारा इलाके में दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद रविवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। जेल से रिहा होने के बाद कथित रूप से पुराने विवाद का बदला लेने पहुंचे आदतन बदमाश लेखराम कोठारी की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल लेखराम की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, लेखराम कोठारी और चेलक पक्ष के बीच पहले से विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए लेखराम को जेल भेजा था।
बताया जा रहा है कि रविवार को जेल से छूटने के बाद लेखराम अपने कुछ साथियों के साथ चेलक पक्ष के लोगों के पास पहुंचा। इसी दौरान दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद हिंसक मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लेखराम को घेरकर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
गंभीर रूप से घायल लेखराम को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, संघर्ष में घायल अन्य लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments