गांव-गांव पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा, जमीन पर बैठकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं


सड़क, पुलिया और विकास कार्यों की मौके पर घोषणाएं, करोड़ों की सौगात।

रायपुर/कबीरधाम।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज कबीरधाम जिले के अपने विधानसभा क्षेत्र के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम भेंड्रा नवागांव और पीरचाटोला में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रमों में ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मांगों को मौके पर ही स्वीकृति देते हुए विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।

भेंड्रा नवागांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने ग्राम बोटेसुर से नवागांव तक एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण कराने की घोषणा की। वहीं पीरचाटोला में ₹5.20 लाख की लागत से सड़क निर्माण तथा वीबीजीरामजी योजना के तहत पुलिया निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृत कराने की घोषणा की।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सामुदायिक भवन, सीसी रोड, बोर खनन, रंगमंच, आहता निर्माण और आंतरिक विद्युतीकरण जैसे कई विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि सूरजपुरा पंचायत में ₹51 लाख की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्टेडियम में नियमित खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हों और आसपास के 15 से 20 गांवों के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा मिल सके।

Comments