राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा का जलवा, हाई अचीवमेंट अवार्ड से हुए सम्मानित

48वें आईपीएस इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स में देशभर के शीर्ष 5 अधिकारियों में बनाई जगह, केशकाल घाटी ट्रैफिक प्रबंधन मॉडल को मिली राष्ट्रीय सराहना।

कोंडागांव। कोंडागांव जिले के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ पुलिस का गौरव बढ़ाया है। हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी द्वारा आयोजित 48वें आईपीएस इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें "हाई अचीवमेंट सर्टिफिकेट" से सम्मानित किया गया।

6 अप्रैल से 15 मई 2026 तक आयोजित प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों का मूल्यांकन कक्षा में सहभागिता, केस स्टडी, अनुशासन, व्यवहार और एमसीक्यू परीक्षा के आधार पर किया गया। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एसपी पंकज चंद्रा ने देशभर के शीर्ष पांच अधिकारियों में स्थान हासिल किया।

प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने कोंडागांव की पहचान केशकाल घाटी के ट्रैफिक प्रबंधन पर आधारित प्रस्तुति दी। इसमें बढ़ते यातायात दबाव, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई, जिसकी राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों ने सराहना की।

कोंडागांव में अपने कार्यकाल के दौरान एसपी पंकज चंद्रा ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई, सामुदायिक पुलिसिंग और जनविश्वास बढ़ाने जैसे कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनकी योजनाबद्ध कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता ने जिले की पुलिसिंग को नई दिशा दी है।

इस उपलब्धि पर कोंडागांव पुलिस परिवार में खुशी का माहौल है। जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एसपी पंकज चंद्रा को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कोंडागांव पुलिस आगे भी उत्कृष्ट कार्य कर नई उपलब्धियां हासिल करती रहेगी।

Comments