शिकायत मिलते ही आबकारी विभाग की कार्रवाई: तिल्दा के दावत ढाबा पर केस दर्ज, उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा की लगातार सख्ती
रायपुर/तिल्दा। तिल्दा क्षेत्र में अवैध मदिरापान और शराब संबंधी गतिविधियों पर आबकारी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में दावत ढाबा में ग्राहकों को अवैध रूप से मदिरापान की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की शिकायत मिलने पर आबकारी विभाग ने तत्काल दबिश देकर कार्रवाई की।
जांच के दौरान शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर ढाबा संचालक के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। मामले का पंजीयन आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा (वृत्त तिल्दा) द्वारा किया गया।
गौरतलब है कि दावत ढाबा के विरुद्ध पूर्व में भी शिकायतों के आधार पर आबकारी विभाग कार्रवाई कर चुका है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की है।
मेधा मिश्रा की लगातार कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप
तिल्दा वृत्त की आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा के नेतृत्व में हाल के दिनों में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उनके नेतृत्व में कई स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब जब्त की गई है तथा आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध शराब कारोबारियों और नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
इस कार्रवाई में आबकारी आरक्षक अमिताभ सिंह ध्रुव, जितेन्द्र मिश्रा एवं वाहन चालक रेवाराम का विशेष योगदान रहा।
Comments