घरघोड़ा में स्टूडेंट प्रेसिडेंट चुनाव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बने निरीक्षक कुमार गौरव साहू, विद्यार्थियों को कानून और साइबर सुरक्षा का दिया संदेश

रायगढ़।

रायगढ़ जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत घरघोड़ा स्थित सेंट ऐन्स हाई स्कूल में आयोजित स्टूडेंट प्रेसिडेंट इलेक्शन कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन और छात्र-छात्राओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) सहित नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नए कानून नागरिकों के अधिकारों की रक्षा, पीड़ितों को त्वरित न्याय और महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लागू किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि "शिक्षित, जागरूक और अनुशासित विद्यार्थी ही सुरक्षित और सशक्त समाज की नींव हैं।" विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और कानून के सम्मान का महत्व बताते हुए अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी।

सोशल मीडिया और इंटरनेट के बढ़ते उपयोग को देखते हुए थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयर करने के खतरे, ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की।

इस दौरान विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, बाल संरक्षण कानूनों तथा आपातकालीन सहायता के लिए डायल-112 और हेलो सिस्टर हेल्पलाइन (9479270533) की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर मालिनी डिगल, वाइस प्रिंसिपल सिस्टर चिन्ना, मैनेजर सिस्टर बर्था, टीचर प्रेसिडेंट श्री शांता खड़बांडे सहित समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि जिम्मेदार और कानून का सम्मान करने वाले नागरिकों के निर्माण की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता, अनुशासन और साइबर सुरक्षा की समझ विकसित करना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

Comments