मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विजन को नई उड़ान: 'मुस्कुराता बस्तर' थीम पर जगदलपुर में होगी कार्टून कार्यशाला
स्कूली विद्यार्थियों को वरिष्ठ कार्टूनिस्ट देंगे प्रशिक्षण, बस्तर की संस्कृति, पर्यटन और विकास को कार्टून कला के जरिए मिलेगी नई पहचान।
रायपुर, 30 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर की सकारात्मक छवि को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक अनूठी पहल की जा रही है। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका 'कार्टून वॉच' द्वारा जगदलपुर में 'मुस्कुराता बस्तर' थीम पर विशेष कार्टून कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला में स्कूली विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर कला का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बस्तर की सकारात्मक तस्वीर को मिलेगी रचनात्मक अभिव्यक्ति
कार्यशाला का उद्देश्य बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यटन स्थलों और विकास की सकारात्मक तस्वीर को कार्टून कला के माध्यम से देशभर तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विजन के अनुरूप बस्तर आज विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान तथा विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा जैसी धरोहरें इसकी विशेष पहचान हैं।
देश के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट देंगे प्रशिक्षण
कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे लाइव डेमो के माध्यम से विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर बनाने की बारीकियां सिखाएंगे। प्रतिभागियों को रचनात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ कार्टून कला के सामाजिक, व्यावसायिक और रोजगारपरक पहलुओं की भी जानकारी दी जाएगी।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
इस पहल के माध्यम से बस्तर के युवा कलाकारों और स्कूली विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही वे अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्राकृतिक विरासत को कला के माध्यम से नई पीढ़ी और देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।
'मुस्कुराता बस्तर' अभियान का उद्देश्य
'मुस्कुराता बस्तर' केवल एक कार्यशाला नहीं, बल्कि बस्तर की सकारात्मक पहचान को मजबूत करने और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का एक रचनात्मक अभियान है। इस पहल से बस्तर की नई तस्वीर कला के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर उभरकर सामने आएगी।
N भारत न्यूज
Comments