बिलासपुर। शहर के एक निजी कोचिंग संस्थान अभियान अकादमी सेंटर पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की छात्रवृत्ति परीक्षा के आयोजन में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार 3 जुलाई को आयोजित स्कॉलरशिप परीक्षा में छात्र कुशांक श्रीवास्तव को सुबह 10:30 बजे परीक्षा देनी थी, जबकि रिपोर्टिंग समय 10:00 बजे निर्धारित था।
आरोप है कि निर्धारित समय तक संस्थान का मुख्य द्वार ही नहीं खोला गया और लगभग 40–45 मिनट की देरी से सेंटर संचालित हुआ। इस दौरान छात्र और उसके परिजनों को बाहर इंतजार करना पड़ा। शिकायत के अनुसार, देरी को लेकर सवाल पूछने पर संस्थान के कर्मचारियों ने छात्र के परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा धक्का-मुक्की भी की।
शिकायतकर्ता का कहना है कि परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्र कोरबा से बिलासपुर आया था। ट्रेन की देरी और परीक्षा को लेकर पहले से बने दबाव के बीच सेंटर की अव्यवस्था के कारण छात्र को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। यह भी दावा किया गया है कि परीक्षा देने के लिए उस समय केवल एक ही छात्र उपस्थित था।
शिकायतकर्ता ने संबंधित संस्थान की मान्यता की जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया है कि कुछ निजी संस्थान शिक्षा को सेवा के बजाय कमाई का माध्यम बना रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
नोट: इस संबंध में अभियान अकादमी सेंटर का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। संस्थान का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
Comments