N. भारत न्यूज़
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने 'ऑपरेशन क्लीन हंट' के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए मानव तस्करी के मामले में पिछले चार वर्षों से फरार चल रहे आरोपी रामा चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मामला वर्ष 2022 का है, जब धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान किशोरी को मध्यप्रदेश के अनूपपुर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने दो संदिग्धों के साथ बरामद किया था।
जांच और पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हीरालाल चौहान, देवलाल तिग्गा, रामपाल यादव और रामा चौहान ने मिलकर किशोरी को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाकर शादी का झांसा दिया और 20 हजार रुपये में बेचने की साजिश रची थी।
मामले में मानव तस्करी सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। वर्ष 2022 में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि रामा चौहान लगातार फरार चल रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने गृहग्राम जोराडोल (जिला जशपुर) आया हुआ है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार अपराधियों की धरपकड़ लगातार जारी रहेगी और कानून से बचने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments