तेलंगाना में खौफनाक मर्डर: पति को पहले छत से फेंका, बचने पर IV कैनुला से टॉयलेट क्लीनर इंजेक्ट कर उतारा मौत के घाट



निजामाबाद (तेलंगाना)। तेलंगाना के निजामाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय प्रशांत की हत्या उसकी पत्नी, उसके कथित प्रेमी और एक अन्य साथी ने मिलकर की। आरोप है कि पहले प्रशांत को शराब पिलाकर घर की छत से नीचे धक्का दिया गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद जब वह जीवित बच गया, तो अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी पत्नी ने IV कैनुला के जरिए कथित रूप से टॉयलेट क्लीनर और अन्य पदार्थ शरीर में इंजेक्ट कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, मृतक प्रशांत खाड़ी (गल्प) देश में नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही अपने घर लौटा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसकी पत्नी संध्या (32) का अनिल नामक व्यक्ति के साथ कथित प्रेम संबंध था। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने प्रशांत को अपने रिश्ते में बाधा मानते हुए उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

जांच के अनुसार, 29 जून को आरोपियों ने प्रशांत को अत्यधिक शराब पिलाई। इसके बाद सहयोगी वेंकट साई ने कथित तौर पर उसे घर की छत से नीचे धक्का दे दिया। हादसे में प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन उसकी जान बच गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस का कहना है कि अस्पताल में इलाज के दौरान भी साजिश जारी रही। संध्या, जिसने पहले नर्स के रूप में काम किया था, पर आरोप है कि उसने अपनी चिकित्सकीय जानकारी का इस्तेमाल करते हुए प्रशांत के शरीर में लगे IV कैनुला के माध्यम से टॉयलेट क्लीनर और अन्य पदार्थ इंजेक्ट किए। जांच एजेंसियों का मानना है कि इसी कारण उसकी मौत हुई।

मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक की मां को बेटे की मौत पर संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने पत्नी संध्या, उसके कथित प्रेमी अनिल और सहयोगी वेंकट साई को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की फोरेंसिक जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्य हत्या की साजिश की ओर इशारा करते हैं, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने और अदालत में प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगा।

Comments