ईरान के जलक्षेत्र में LPG टैंकर पर मिसाइल हमला, 28 भारतीय नाविक सुरक्षित


होर्मुज स्ट्रेट के पास हमला, भारतीय दूतावास हालात पर रखे हुए है कड़ी नजर।

नई दिल्ली/तेहरान।
ईरान के जलक्षेत्र में शुक्रवार को मोजाम्बिक के झंडे वाले LPG टैंकर 'दिशा' पर अज्ञात मिसाइल से हमला हुआ। राहत की बात यह है कि जहाज पर सवार सभी 28 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि वह संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।

भारतीय समुद्री कर्मचारियों के संगठन फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया के अनुसार, हमला होर्मुज स्ट्रेट के पास उस समय हुआ जब टैंकर फारस की खाड़ी की ओर बढ़ रहा था। हालांकि, हमले के पीछे किसका हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

इस घटना के बाद दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से गुजरता है।

भारतीय दूतावास ने कहा है कि सभी भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और जरूरत पड़ने पर उनकी सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।

Comments