बड़ी खबर | NEET-UG विवाद पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा

नई दिल्ली। NEET-UG 2026 परीक्षा विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना इस्तीफा भेज दिया है। उन्होंने अपने आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर एक खुला पत्र जारी कर कहा कि वे नहीं चाहते कि देश के छात्रों का भविष्य कानूनी पेचीदगियों में उलझे या मौजूदा हालात का राष्ट्रविरोधी ताकतें फायदा उठाएं।

धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पत्र में लिखा कि उन्होंने युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया। उन्होंने बताया कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा में अनियमितताएं सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने तत्काल जांच CBI को सौंपी, परीक्षा रद्द की गई और दोबारा परीक्षा आयोजित कराई गई। साथ ही, अगले वर्ष से परीक्षा Computer-Based Test (CBT) मोड में कराने का निर्णय लिया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार, राज्य प्रशासन, जिला प्रशासन, छात्रों और अभिभावकों के सहयोग से 21 जून 2026 को पुनर्परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई और 16 जुलाई को घोषित परिणाम संतोषजनक रहे। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा छात्रों को गुमराह करने की कोशिश की गई, जिससे वे बेहद आहत हैं।

अपने इस्तीफे को नैतिक जिम्मेदारी बताते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि देश की एकता, छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था पर विश्वास बनाए रखने के लिए उन्होंने यह निर्णय लिया है। उन्होंने भविष्य में भी देश, ओडिशा की जनता और युवाओं की सेवा के लिए समर्पित रहने की बात कही। 

Comments