दुर्ग। जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में पिकनिक मनाने गए दोस्तों के साथ बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने के दौरान 22 वर्षीय युवक तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे कंट्रोल रूम दुर्ग को सूचना मिली कि 12 दोस्तों का एक समूह खारून नदी में पिकनिक मनाने पहुंचा था। इसी दौरान नहाते समय रायपुर के देवपुरी कमल विहार निवासी टोमेश ध्रुव (22 वर्ष) नदी के तेज बहाव में बह गया।
जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि रात में अंधेरा और दृश्यता कम होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह 5 बजे टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
सुबह करीब 9:05 बजे एसडीआरएफ के डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने गहरे पानी में उतरकर युवक का शव बरामद किया। इसके बाद शव को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व ईश्वर खरे ने किया। टीम में चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, हबीब खान, राजू महानंद, आशीष, गोपी, थानेश्वर, चंद्रप्रकाश और भानुप्रताप शामिल रहे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
Comments