महासमुंद: अर्टिगा कार से 11.98 लाख रुपये की संदिग्ध नगदी बरामद, ओडिशा निवासी युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा
महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अर्टिगा कार से भारी मात्रा में संदिग्ध नगदी बरामद की है। पुलिस ने कार सवार ओडिशा निवासी 32 वर्षीय करूणा नाईक को हिरासत में लेकर नगदी के संबंध में पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात पुलिस द्वारा उड़ीसा मार्ग (पदमपुर रोड) पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में गुजर रही अर्टिगा कार क्रमांक OD 03 Q 8419 को रोककर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार में एक थैले के अंदर बड़ी मात्रा में नगदी रकम मिली। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में रकम की गिनती कराई, जिसमें कुल ₹11,98,300 नगद बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, नगदी के संबंध में कार सवार करूणा नाईक से पूछताछ की गई, लेकिन वह रकम के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाया।
इसके बाद पुलिस ने धारा 106 BNSS के तहत संदिग्ध नगदी रकम ₹11,98,300, परिवहन में प्रयुक्त अर्टिगा कार (कीमत लगभग ₹8 लाख) और दो मोबाइल फोन को जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹20,08,300 बताई गई है। पुलिस अब इतनी बड़ी रकम के स्रोत और इसे ले जाने के उद्देश्य की जांच कर रही है।
Comments