बीजापुर में बंद स्कूलों के पुनः संचालन की मुहिम रंग लाई, जिले में 38 स्कूल फिर से शुरू
बीजापुर। जिले के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। उसूर विकासखंड के मेटापारा, कोरसागुड़ा प्राथमिक शाला का 21 साल बाद दोबारा संचालन शुरू किया गया है। लंबे समय से बंद पड़े स्कूल के खुलने से गांव में उत्साह का माहौल है।
स्कूल खुलते ही यहां 25 बच्चों ने प्रवेश लेकर पढ़ाई शुरू की। विद्यालय में प्रवेश लेने वाले बच्चों का फूलमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। बच्चों को स्लेट, पुस्तकें और पेंसिल भी वितरित की गईं। लंबे अंतराल के बाद गांव में स्कूल की शुरुआत ने बच्चों और अभिभावकों में नई उम्मीद जगाई है।
गांव में लौटी पढ़ाई की रौनक
स्कूल खुलने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। अब बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने गांव में ही शिक्षा का अवसर मिलेगा। इससे बच्चों की नियमित उपस्थिति और शिक्षा से जुड़ाव बढ़ने की उम्मीद है।
जिला पंचायत सदस्य शंकरेया माड़वी ने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें नियमित रूप से स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है और स्कूलों के पुनः संचालन से दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
जिले में 38 बंद स्कूलों का पुनः संचालन
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे के अनुसार, राज्य शासन और जिला प्रशासन के विशेष प्रयासों से वर्तमान शिक्षा सत्र में बीजापुर जिले के 38 बंद स्कूलों का पुनः संचालन किया जा चुका है। स्थानीय संसाधनों और शिक्षादूतों की मदद से इन विद्यालयों में पढ़ाई शुरू कराई जा रही है।
दूरस्थ इलाकों तक शिक्षा पहुंचाने की पहल
मेटापारा कोरसागुड़ा स्कूल का दोबारा खुलना केवल एक विद्यालय के संचालन की शुरुआत नहीं, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व तथा प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा बंद स्कूलों को पुनः शुरू करने की पहल लगातार आगे बढ़ाई जा रही है।
प्रशासन की इस पहल से वर्षों से विद्यालयों से दूर रहे बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का रास्ता खुला है।
Comments