धमतरी में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन अलग-अलग मामलों में 3 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कोतवाली, अर्जुनी और कुरूद थाना क्षेत्रों में पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाई की। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने तीन आरोपियों को अवैध शराब के साथ पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से शराब, नकदी और स्कूटी समेत कुल 56,560 रुपए की संपत्ति जब्त की गई।

कोतवाली पुलिस ने शराब परिवहन करते आरोपी को पकड़ा

पहली कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस ने 14 अगस्त 2026 को शांति घाट नहर नाका के पास की। पुलिस ने गोविंद यादव (39 वर्ष), निवासी बनिया तालाब, धमतरी को कथित रूप से अवैध शराब का परिवहन करते पकड़ा।

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 20 नग देशी प्लेन शराब और 15 नग देशी मसाला शराब बरामद की गई। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त एक स्कूटी भी जब्त की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 3,100 रुपए, जबकि स्कूटी की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। इस कार्रवाई में कुल 53,100 रुपए की संपत्ति जब्त की गई।

कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

अर्जुनी पुलिस ने 70 वर्षीय आरोपी को पकड़ा

दूसरी कार्रवाई अर्जुनी थाना पुलिस ने 14 अगस्त 2026 को कोलियारी में की। यहां पुलिस ने खुमान निषाद (70 वर्ष), निवासी कोलियारी को कथित रूप से अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 नग देशी मसाला शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 2 हजार रुपए बताई गई है। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 200 रुपए नकद भी जब्त किए गए। इस मामले में कुल 2,200 रुपए की संपत्ति जब्त की गई।

आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

कुरूद में भी अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई

तीसरी कार्रवाई कुरूद पुलिस ने 15 अगस्त 2026 को नया बस स्टैंड कुरूद स्थित शीतला मंदिर के पास की। पुलिस के अनुसार यहां संजय नगर, कुरूद निवासी रामचंद्र ध्रुवंशी (28 वर्ष) को अवैध रूप से शराब बेचते पकड़ा गया।

आरोपी के कब्जे से 12 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत करीब 960 रुपए, तथा शराब बिक्री की 300 रुपए नकद रकम बरामद की गई। इस मामले में कुल 1,260 रुपए की संपत्ति जब्त की गई।

कुरूद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने कहा है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों पर शिकंजा कसने का प्रयास किया जा रहा है।

Comments