रायगढ़। जिले में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत जोबी पुलिस ने महिला से छेड़खानी, मारपीट, गाली-गलौज और अभद्रता के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम ओंगना का सरपंच अमित राठिया भी शामिल है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 50 वर्षीय महिला ने 28 अगस्त 2026 को चौकी जोबी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में महिला ने बताया कि 27 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह अपने घर में थी, तभी अमित राठिया, अनिल कुमार राठिया, धनसिंह राठिया और इगेन्द्र राठिया उसके घर पहुंचे। आरोप है कि पूर्व रंजिश को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके कपड़े खींचकर उतारने का प्रयास किया। घर से निकलकर गली में पहुंचने पर अनिल राठिया ने उसे पीछे से पकड़ लिया, जबकि अमित और धनसिंह उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े खींचने लगे। वहीं इगेन्द्र पर मोबाइल से घटना का वीडियो बनाने का आरोप है। महिला की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया, तो उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
दो बाइक और मोबाइल जब्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए जोबी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। महिला की शिकायत पर धारा 296, 351(3), 115(2), 76 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और घटनास्थल से एचएफ डिलक्स और पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की। इसके अलावा घटना का वीडियो बनाने में इस्तेमाल किए गए ओप्पो मोबाइल फोन को भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित राठिया (36), अनिल कुमार राठिया (30), धनसिंह राठिया (52) और इगेन्द्र राठिया (22) के रूप में हुई है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी अमित राठिया ग्राम ओंगना का सरपंच है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस की नीति स्पष्ट है। शिकायत मिलने पर तत्काल और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
Comments