नेशनल हाईवे-45 पर छतौना के पास मरम्मत कार्य जारी, यातायात पूरी तरह बहाल

रायपुर, 13 अगस्त 2026। गौरेला-बिलासपुर नेशनल हाईवे-45 पर छतौना के पास अतिवृष्टि और भारी वाहनों के दबाव से क्षतिग्रस्त सड़क सतह की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर जारी है। विभाग के अनुसार, मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह चालू है और यातायात को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।

लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, केंवची-रतनपुर मार्ग के किमी 290.000 पर ग्राम छतौना के पास प्रस्तावित टोल प्लाजा वाले हिस्से में GSB (ग्रेन्युलर सब-बेस) लेयर का कार्य पूरा हो चुका है। हाल में हुई भारी बारिश और बड़ी संख्या में भारी वाहनों के आवागमन के चलते इस हिस्से की सड़क सतह को नुकसान पहुंचा था।

क्षति की जानकारी मिलते ही EPC अनुबंधक मेसर्स शांति इंजिकॉन प्राइवेट लिमिटेड ने सुधार कार्य शुरू कर दिया। विभागीय अधिकारी मौके पर लगातार निगरानी रख रहे हैं, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान यातायात प्रभावित न हो।

286 करोड़ की परियोजना, 58 प्रतिशत काम पूरा

नेशनल हाईवे-45 के किमी 278.750 से 321.348 तक कुल 42.598 किलोमीटर लंबे मार्ग के 2-लेन चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य के लिए केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 31 मार्च 2022 को 286 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी थी। निविदा प्रक्रिया के बाद 15 जुलाई 2024 को कार्यादेश जारी किया गया।

विभाग के अनुसार परियोजना में अब तक 58 प्रतिशत भौतिक प्रगति हासिल की जा चुकी है। DBM का 25.770 किमी कार्य, 98 HP कल्वर्ट, 14 RCC बॉक्स कल्वर्ट, 7 माइनर ब्रिज, 4.890 किमी RCC नाली तथा 4.467 किमी रिटेनिंग वॉल और टो-वॉल का कार्य पूरा हो चुका है।

विभाग ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। नेशनल हाईवे-45 पर यातायात जारी है और शेष निर्माण एवं मरम्मत कार्य भी शीघ्र पूरा किया जाएगा।

Comments