रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन स्थित पार्सल परिसर में बुधवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन (फूड विभाग) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया। पनीर की गुणवत्ता और शुद्धता पर संदेह होने के बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह संदिग्ध पनीर अमरकंटक एक्सप्रेस के माध्यम से रायपुर पहुंचा था। अधिकारियों ने पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पनीर असली है या नकली तथा मानव उपभोग के लिए सुरक्षित है या नहीं। फिलहाल पनीर के मालिक की पहचान नहीं हो सकी है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि यदि जांच में पनीर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश में एनालॉग पनीर पर पहले ही लग चुका है प्रतिबंध
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में एनालॉग पनीर के कारोबार पर प्रतिबंध लगा रखा है। पिछले एक वर्ष में रायपुर में मिलावटी और एनालॉग पनीर के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाइयां की जा चुकी हैं।
- जुलाई 2025 में बिरगांव की काशी एग्रो फूड्स फैक्ट्री से करीब 2,500 किलो संदिग्ध/एनालॉग पनीर जब्त कर फैक्ट्री सील की गई थी।
- हाल ही में रायपुर की एक अन्य फैक्ट्री से करीब 1,700 किलो पनीर के सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
इस तरह पिछले एक वर्ष में रायपुर में 4,200 किलो से अधिक संदिग्ध पनीर पर कार्रवाई हो चुकी है। लगातार मिल रही शिकायतों और जांच में सामने आए मामलों के बाद राज्य सरकार ने प्रदेश में एनालॉग पनीर की बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।
फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments